रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- गुरुद्वारा गुरु नानक सिमरन सभा, भूड़ भारत नगर में श्री गुरु नानक देव महाराज के ज्योति-जोत समागम के अवसर पर विशेष धार्मिक समागम का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। समागम के दौरान गुरुद्वारा साहिब में पाठ, गुरबाणी कीर्तन एवं बच्चों तथा संगत द्वारा कीर्तन किया गया। भाई अमरजीत सिंह जी हजूरी रागी, भाई कवल भाटिया, इमरित कौर, मनराज सिंह, भाई चरनजीत सिंह तथा बीबी कवलजीत कौर मस्कीन ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की पावन बाणी से जोड़ा।
संगत ने गुरु साहिब की पावन बाणी का श्रवण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। गुरुद्वारा गुरु नानक सिमरन सभा के प्रधान सरदार जोगेंद्र सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने संपूर्ण मानवता को एकता, प्रेम, समानता, सेवा और सद्भावना का संदेश दिया। हमें गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। गुरु नानक देव जी का संदेश किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त मानवता के लिए है।
गुरु साहिब ने नाम जपो, किरत करो और वंड छको का संदेश देकर ईमानदारी, मेहनत, सेवा और मिल-बांटकर खाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के उपरांत गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। सचिव हरचरणजीत सिंह, अनिल कुमार, सतनाम सिंह, इकबाल सिंह, जसबीर सिंह, गुरविंदर सिंह चावला, जगमोहन सिंह, राजेंद्र सिंह, हाकम सिंह आदि ने सहयोग दिया।