गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिमरन सभा भूड भारत नगर में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिमरन सभा, भूड़ भारत नगर, गाजियाबाद में मंगलवार को श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साध-संगत एवं क्षेत्रवासियों ने शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुआ। इसके पश्चात सहज पाठ का भोग डाला गया तथा गुरु महाराज के चरणों में सर्वत्र सुख-शांति एवं सरबत के भले की अरदास की गई।

इस अवसर पर भाई अमरजीत सिंह (हजूरी रागी), भाई गुरदीप सिंह एवं भाई करणवीर सिंह (यूके वाले) ने अपनी मधुर गुरबाणी एवं शबद-कीर्तन से संगत को निहाल किया। गुरबाणी कीर्तन के दौरान पूरा गुरुद्वारा साहिब का परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। संगत ने गुरु साहिब की वाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में गुरु के अटूट लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों एवं संगत के परिवारों ने तन-मन-धन से सेवा करते हुए आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार जोगेंद्र सिंह ने समस्त साध-संगत, क्षेत्रवासियों, रागी जत्थों, सेवादारों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी परिवारों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे, सेवा एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक है। प्रोग्राम में हरचरणजीत सिंह, अनिल कुमार, सतनाम सिंह, जसबीर सिंह, जगनमोहन सिंह, राजेन्द्र सिंह, बलजीत सिंह, मनमीत कौर, गुरविंदर सिंह चावला, हाकम सिंह, इक़बाल सिंह का विशेष सहयोग रहा।

उन्होंने समस्त संगत से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं मानवता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post