रिपोर्ट :- विकास शर्मा
हरिद्वार :- तीर्थ नगरी हरिद्वार में साल के अंतिम गंगा स्नान कार्तिक पूर्णिमा अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी स्थित पवित्र ब्रह्मकुंड सहित हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। तड़के से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी।
धर्म नगरी में कार्तिक पूर्णिमा स्नान हेतु श्रद्धालुओं का आगमन प्रातः से ही शुरू हो गया था।हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष से पूरी धर्मनगरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया तथा जरूरतमंदों को दान-दक्षिणा देकर पुण्य अर्जित किया। वहीं, हरकी पैड़ी के अलावा भीमगोड़ा, सर्वानंद घाट, प्रेमनगर आश्रम घाट, दक्ष घाट, कनखल और अन्य गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ स्नान किया।
पौराणिक काल से ही कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस अवसर पर गंगा स्नान हेतु देवताओं का आगमन होता है। इसी मान्यता के चलते उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके साथ ही अनेक श्रद्धालुओं ने देश, प्रदेश और समाज की उन्नति एवं मंगलमय भविष्य के लिए मां गंगा से प्रार्थना की।
हरिद्वार प्रशासन द्वारा कार्तिक पूर्णिमा के इस गंगा स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रमुख गंगा घाटों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आया। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।