रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल, प्रताप विहार में वार्षिक अंतरविद्यालयी शेक्सपियर नाट्य प्रतियोगिता ‘पेज टू स्टेज’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एनसीआर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने महान नाटककार विलियम शेक्सपियर की कालजयी रचनाओं को मंच पर जीवंत करते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रभावशाली संवाद, उत्कृष्ट अभिनय, आकर्षक वेशभूषा एवं सजीव मंच सज्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शेक्सपियर पर आधारित विशेष क्विज़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विद्यार्थियों ने शेक्सपियर के जीवन, साहित्यिक कृतियों एवं नाटकों से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
विजेता ट्राफी एलेनहाउस पब्लिक स्कूल एवं श्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार के सक्षम चौधरी को मिला। निर्णायक मंडल में शाजी मैथ्यू, अरुणा आनंद एवं शिवानी दीक्षित शामिल रहे। प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने कहा कि रंगमंच आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने का सशक्त माध्यम है। डॉ. सना जैहरा ने सभी का धन्यवाद किया।