रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- रेड एपल हॉट वेदर टी 20 कप का लीग मैच मैन इन ब्लू ने आसानी से जीत लिया। टीम ने आरएससीसी को 7 विकेट से हरा दिया। रेड एपल क्रिकेट ग्राउंड पर आरएससीसी का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय गलत साबित हुआ और टीम 18.1 ओवर में महज 107 रन बनाकर ही आउट हो गई। यश ने सबसे अधिक 36 रन व सनी चौधरी ने 15 रन बनाए। मैन इन ब्लू के दुष्यंत ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए।
रोहित प्रजापति ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट, पुनीत लाल महतो ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट व विकास ने 3.1 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। मैन इन ब्लू ने 9.5 ओवर में ही 3 विकेट पर 109 रन बनाकर मैच सात विकेट से जीत लिया। अक्षय ने 22 गेंद पर 3 चौकों व 6 छक्कों की मदद से 51 रन की पारी खेली। भारद्धाज ने 29 रन बनाए व यश 20 रन बनाकर नॉट आउट रहे। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दुष्यंत को दिया गया।