◼️100 से 150 विद्यालयों की सहभागिता का लक्ष्य, 21 नवंबर को द्वितीय "संविधान का ज्ञान प्रतियोगिता-26" एक साथ आयोजित होगी।
◼️28 नवंबर को भव्य सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं सभी सहभागी विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा।
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- भारतीय संविधान के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान तथा अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से "निर्माण वेलफेयर फाउंडेशन, गाजियाबाद" द्वारा आयोजित द्वितीय "संविधान का ज्ञान प्रतियोगिता 2026" जनपद के शैक्षिक जगत में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रही है। इस आयोजन के माध्यम से लगभग 100 से 150 विद्यालयों तथा करीब 10,000 विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह आयोजन केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भारत के संविधान, लोकतंत्र, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों से परिचित कराने का एक व्यापक शैक्षिक एवं सामाजिक अभियान है।
21 नवंबर 2026 को एक साथ सभी सहभागी विद्यालयों में होगी परीक्षा
निर्माण वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 21 नवंबर 2026, शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक जनपद के सभी सहभागी विद्यालयों में अपने-अपने विद्यालयों को परीक्षा केंद्र (सेल्फ सेंटर) बनाकर परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।
इस प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। इसमें 60 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) निर्धारित किए गए हैं तथा परीक्षा ओ एम आर शीट के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। विद्यार्थियों के कक्षा स्तर को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्रों की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी विद्यार्थियों को अपनी समझ एवं ज्ञान प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके।
प्रथम, द्वितीय, तृतीय सहित शीर्ष 10 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष सम्मान
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पुरस्कार एवं सम्मान की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के परिणाम के आधार पर प्रथम 21000, द्वितीय 11000 एवं तृतीय 5100 नगद धनराशि एवं सम्मान प्रतीक प्रदान किया जायेगा साथ ही शीर्ष 10 मेधावी विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान स्वरूप 1000 रुपये नगद धनराशि एवं सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
फाउंडेशन का प्रयास है कि पुरस्कार केवल उपलब्धि का प्रतीक न बनें, बल्कि विद्यार्थियों में संविधान के अध्ययन, ज्ञानार्जन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करे।
प्रत्येक सहभागी विद्यालय को मिलेगा सम्मान
इस आयोजन की एक विशेष उपलब्धि यह भी होगी कि इसमें सहभागिता करने वाले सभी विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी के साथ-साथ विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को भी सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस प्रकार आयोजन में केवल व्यक्तिगत प्रतिभा ही नहीं, बल्कि विद्यालयों के सामूहिक शैक्षिक योगदान को भी महत्व दिया जाएगा।
28 नवंबर को होगा भव्य सम्मान समारोह
इस पूरी प्रतियोगिता का भव्य समापन एवं सम्मान समारोह 28 नवंबर 2026 को शंभू दयाल इंटर कॉलेज, गाजियाबाद में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शीर्ष 10 प्रतिभागियों, सहभागी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में शिक्षा जगत, प्रशासन, सामाजिक क्षेत्र एवं जनप्रतिनिधियों से जुड़े गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ शिक्षा एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों से प्रेरणा प्राप्त करने का भी अवसर बनेगा।
प्रथम प्रतियोगिता की सफलता ने दूसरे आयोजन को नई ऊंचाई पर ले जाने की प्रेरणा दी है, निर्माण वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा इससे पूर्व आयोजित प्रथम 'संविधान का ज्ञान प्रतियोगिता' में लगभग 32 विद्यालयों के 4,200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था। प्रथम आयोजन को विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का उत्साहजनक सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई थी।
पहली प्रतियोगिता की सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया कि विद्यार्थियों में संविधान को जानने और समझने की रुचि लगातार बढ़ रही है। इसी उत्साह, अनुभव और विद्यालयों के सहयोग को आधार बनाकर इस बार प्रतियोगिता को और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया है। अब लगभग 100 से 150 विद्यालयों तथा करीब 10,000 विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा विभाग, विद्यालयों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना
निर्माण वेलफेयर फाउंडेशन ने इस अभियान को सफल बनाने में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन और सहयोगात्मक भूमिका, विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है।
फाउंडेशन का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर किसी शैक्षिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिता का आयोजन सामूहिक सहभागिता, आपसी समन्वय और सकारात्मक सोच के बिना संभव नहीं है। सभी विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता से जोड़ने के लिए किया जा रहा प्रयास अत्यंत सराहनीय है। अभिभावकों का प्रोत्साहन और शिक्षकों का मार्गदर्शन इस अभियान की वास्तविक शक्ति है।
हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा कराना नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक तैयार करना है
निर्माण वेलफेयर फाउंडेशन का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक समझ प्रदान करना है। आज के विद्यार्थी ही कल के नागरिक, नेतृत्वकर्ता, अधिकारी, शिक्षक और राष्ट्र निर्माता होंगे। यदि बचपन से ही उन्हें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों का ज्ञान दिया जाए तो भविष्य में एक अधिक जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, खेल, संविधान जागरूकता, सामाजिक सरोकार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे अभिनव कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
निर्माण वेलफेयर फाउंडेशन का संकल्प है कि संविधान का ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचे और प्रत्येक विद्यार्थी एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बने।