आस्था की नगरी हरिद्वार में ‌गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने हेतु ‌पुलिस के जवानों ने चलाया सफाई अभियान




रिपोर्ट :- विकास शर्मा

हरिद्वार :- तीर्थ नगरी हरिद्वार में गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस के जवानों ने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स के सहयोग से प्रेमनगर आश्रम के पास स्थित गंगा घाटों पर वृहद सफाई अभियान चलाया। इस दौरान घाटों और गंगा तट पर फैली पॉलिथीन सहित अन्य कचरे को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के ‌दिशानिर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र कुमार ने किया। अभियान में पुलिस के जवानों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स ने पूरे उत्साह एवं लगन के साथ प्रतिभाग किया और गंगा घाटों की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

प्रेम नगर आश्रम में घाटों की सफाई अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्रीय लोगों एवं श्रद्धालुओं को मां गंगा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराते हुए गंगा जल और घाटों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे गंगा में पॉलिथीन, प्लास्टिक और अन्य कचरा न डालें तथा घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से मां गंगा की स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास करने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पुलिस का संदेश है‌ कि मां गंगा ‌करोड़ो श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मां गंगा की पवित्रता और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। मां गंगा की गरिमा को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सभी का कर्तव्य है।

Post a Comment

Previous Post Next Post