आई-दिशा पहल से तकनीकी नवाचार को नई उड़ान, इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के बीच ऐतिहासिक समझौता




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाज़ियाबाद :- साहिबाबाद साइट फोर स्थिति इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद ने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की केंद्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला, गाजियाबाद के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। भविष्योन्मुखी आई-दिशा पहल के अंतर्गत हुआ यह समझौता तकनीकी अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास को नई गति प्रदान करेगा। इस साझेदारी का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों और व्यावहारिक ज्ञान से सुसज्जित करना है। इसके तहत दोनों संस्थान उभरती प्रौद्योगिकियों, इंजीनियरिंग के नवीन क्षेत्रों और संयुक्त अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं पर मिलकर कार्य करेंगे।

विशेष रूप से रक्षा और नागरिक इलेक्ट्रॉनिकी के क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह सहयोग नए तकनीकी समाधानों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को अपने ज्ञान एवं क्षमताओं को विकसित करने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। यह समझौता गाजियाबाद में अनुसंधान और नवाचार के वातावरण को मजबूत बनाने के साथ-साथ उद्योग तथा शिक्षा जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आई-दिशा पहल के माध्यम से यह साझेदारी ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को जोड़ते हुए देश की तकनीकी प्रगति को नई दिशा देने की ओर एक सार्थक कदम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post