◼️लोगों ने दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाए गए उत्पादों की सराहना की
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- श्री अद्वैत परिवार फाउंडेशन द्वारा संचालित अद्वैत पब्लिक स्कूल के दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का स्टॉल कविनगर स्थित विवेकानंद शिशु मंदिर के ग्राउंड में लगाया गया। स्टॉल पर बच्चों द्वारा तैयार की गई चॉकलेट, मोमबत्तियाँ, दीपक, मालाएँ एवं अन्य आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए।बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए इन उत्पादों में उनकी मेहनत, रचनात्मकता और हुनर की झलक देखने को मिली। स्टॉल के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को समाज के सामने प्रस्तुत करने और उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
श्री अद्वैत परिवार फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष महंत मुकेशानंद गिरि महाराज ने बताया कि स्टॉल लगाने का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे भविष्य में अपनी क्षमताओं के बल पर समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने तथा समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्याम सुंदर साहनी, प्राची नेगी, स्वाति चौधरी, निखत परवीन आदि स्टॉफ भी मौजूद रहा