रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- राजनीतिक एवं व्यापारिक जगत से जुड़े पूर्व जिला अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी व्यापार सभा अजय खरखोदिया ने आरोप लगाया है कि एक संपत्ति विवाद में निष्पक्ष समझौता कराने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है।
अजय खरखोदिया ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से वह जनता के बीच रहकर राजनीतिक कार्य कर रहे हैं। संपत्ति विवाद में निष्पक्षता से हस्तक्षेप करना उन्हें भारी पड़ा। आरोप है कि जितेंद्र उर्फ जीतू निवासी दिल्ली, हर्ष ठाकुर निवासी उस्मानपुर और हापुड़ निवासी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें लगातार फोन पर गाली गलौज, अभद्र भाषा और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। फोन पर "3 दिन में निपटा देंगे, एक गोली मार देंगे" जैसी बातें कही जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि समझाने के बावजूद सोशल मीडिया पर उनकी निजी फोटो डालकर आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है और उसे वायरल कर उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
इस संबंध में अजय खरखोदिया द्वारा 112 नंबर पर कॉल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद को रजिस्टर्ड प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने पत्रकार साथियों से अपील की है कि इस परिस्थिति में उनका सहयोग करें ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे।
अजय खरखोदिया ने कहा कि यह हमला उनके राजनीतिक सफर और सामाजिक छवि को आहत करने की साजिश है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।