ओपनरों के शतकों ने गाजियाबाद ग्लेडिएटर्स को 35 रन से विजयी बनाया




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- राजनगर एक्सटेंशनःस्थित गिरिराज क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे लीजेंडस प्रीमियर लीग सीजन 2 के लीग मैच में गाजियाबाद ग्लेडिएटर्स व गाजियाबाद सुपरकिंग्स के बीच मुकाबला हुआ। ओपनरों की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर गाजियाबाद ग्लैडिएटर्स मैच में 35 रन से विजयी रहा। मैच में टॉस गाजियाबाद सुपरकिंग्स ने जीता और गाजियाबाद ग्लेडिएटर्स को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। गाजियाबाद ग्लेडिएटर्स के ओपनरों विक्रांत व वैभव सिंह ने पहले ओवर से ही गाजियाबाद सुपरकिंग्स के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया और 18.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 225 रन की पाटर्नरशिप कर डाली। 

विक्रांत ने 61 गेंद पर नाबाद 131 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके व 9 छक्के लगाए।  वैभव सिंह ने 53 गेंद पर शानदार 101 रन बनाए जिसमें 14 चौके व 3 छक्के शामिल थे। टीम ने 20 ओवर में 1 विकेट पर 246 रन का विशाल स्कोर बनाया। 247 रन के टारगेट का पीछा करते हुए गाजियाबाद सुपरकिंग्स 20 ओवर में 9 विकेट पर 211 रन ही बना पाया और 35 रन से मैच हार गया। सोनू पंडित ने 59, राहुल चौहान ने 40 व गौरव चौधरी ने 33 रन बनाए। गुलाब सिंह स्वरूप ने 3 व अग्निव ने 2 विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार विक्रांत को दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post