रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- चित्रकूट स्थित जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय में सोमवार को नवें दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में देशभर से पहुंचे शिक्षाविदों, संतों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप शामिल हुए। दीक्षांत समारोह के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और प्रबंधन की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय आज दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की नई पहचान बन चुका है। यहां से निकलने वाले छात्र देश और समाज में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा स्थापित यह विश्वविद्यालय हजारों दिव्यांग विद्यार्थियों के जीवन में नई रोशनी लेकर आया है। यहां विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा, संस्कार और बेहतर मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे वे अपने जीवन को नई दिशा दे रहे हैं।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के उत्थान और शिक्षा को लेकर लगातार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में जो परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं, वह योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से दिव्यांगजनों के लिए नई योजनाएं और सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी का परिणाम है कि आज दिव्यांग विद्यार्थी शिक्षा, तकनीक, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां और सम्मान प्रदान किए गए। समारोह में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि वह पूर्व में भी कई बार विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मौजूदगी वाले आयोजनों में भी उन्हें मंच साझा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट का यह विश्वविद्यालय आने वाले समय में देश के श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।