रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- द्वितीय जेपी गौतम मैमोरियल अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल ऋषभ पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकैडमी व वीआर इलेविन के बीच खेला गया, जो बेहद रोमाचंक रहा। 5 रन की जीत के साथ ऋषभ पब्लिक स्कूल ने खिताब अपने नाम कर लिया। राजनगर एक्सटेंशन स्थित केएमसी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल में टॉस वीआर इलेविन ने जीता और ऋषभ पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकैडमी को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। ऋषभ पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकैडमी 34.4 ओवर में 209 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान निखिल कुमार व नितिन रावत ने 45-45 रन बनाए।
कृष्ण सारस्वत ने 29 व राहुल दुग्गल ने 26 रन का योगदान दिया। यजुर तेवतिया ने 8 ओवर में 38 रन देकर व जतिन ने 8 ओवर में 41 रन देकर 3-3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वीआर इलेविन का स्कोर 36 ओवर में 5 विकेट पर 186 रन था और उसे जीत के लिए 4 ओवर में 24 रन बनाने थे, मगर टीम 19 रन ही बना पाई और 4 विकेट गंवा बैठी। टीम 40 ओवर में 9 विकेट पर 204 रन ही बना पाई और 5 रन से फाइनल गंवा बैठी। प्रेम नेगी ने 39, यजुर तेवतिया ने 34, उत्सव ने 33 व जतिन ने 25 रन का योगदान दिया। सत्यम ने 2, ऋषभ वर्मा, सैयद, नितिन रावत व निखिल कुमार ने 1-1 विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नितिन रावत को दिया गया।