रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को अपने सेक्टर-23 स्थित आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आसपास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप कार्य करें और जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्योहारी सीजन को देखते हुए मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विशेष रूप से बिजली विभाग, नगर निगम, नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और लाइटिंग की स्थिति पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरती जाती है तो उसकी शिकायत सीधे लखनऊ तक भेजी जाएगी और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।
जनता दर्शन कार्यक्रम में आए लोगों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इस दिशा में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी।