◼️मन्दिर परिसर में ही मनाया गया बसंत पंचमी उत्सव
◼️भव्य रूप से मन्दिर को सजाया, अखंड रामायण पाठ संपन्न होने पर भंडारे का हुआ आयोजन
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में श्री शिव बालाजी धाम मन्दिर का 9 वां स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। एक दिन पूर्व मन्दिर में रखा गया अखण्ड रामायण का पाठ बसंत पंचमी के अवसर पर संपन्न हुआ और उसके बाद भण्डारे का आयोजन किया गया। बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित मन्दिर के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मन्दिर को भव्य रूप से गुब्बारों व फूलों से सजाया गया।
शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी स्थित श्री शिव बालाजी धाम का 9 वां स्थापना दिवस मनाया गया। सुबह से ही तेज बारिश के बीच रामायण का पाठ संपन्न हुआ, लेकिन तेज बारिश में भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा नहीं डिगी और सभी भक्त इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में लगे रहे। इस अवसर पर सोसायटी के निवासियों ने आपसी सहयोग से समस्त कार्यक्रमों का आयोजन किया। मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने मन्दिर के स्थापना दिवस व बसंत पंचमी पर विधि विधान से पूजा अर्चना करवाई। 12 बजे दोपहर भंडारे का आयोजन भी किया गया। जिसमें सभी लोगों को सब्जी-पूरी व मीठे पीले चावल का प्रसाद बांटा गया।
पंडित राजीव मिश्रा ने बताया कि हिन्दू पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान ब्रह्मा ने संसार की रचना की। उन्होंने पेड़-पौधे, जीव-जन्तु और मनुष्य बनाए, लेकिन उन्हें लगा कि उनकी रचना में कुछ कमी रह गई। इसीलिए ब्रह्मा जी ने अपने कमंडल से जल छिड़का, जिससे चार हाथों वाली एक सुंदर स्त्री प्रकट हुई। उस स्त्री के एक हाथ में वीणा, दूसरे में पुस्तक, तीसरे में माला और चौथा हाथ वर मुद्रा में था। ब्रह्मा जी ने इस सुंदर देवी से वीणा बजाने को कहा। जैसे वीणा बजी ब्रह्मा जी की बनाई हर चीज़ में स्वर आ गया। तभी ब्रह्मा जी ने उस देवी को वाणी की देवी सरस्वती नाम दिया। वह दिन वसंत पंचमी का था। इसी वजह से हर साल वसंत पंचमी के दिन देवी सरस्वती का अवतरण दिवस मनाया जाने लगा और उनकी पूजा की जाने लगी।
आरडब्लूए कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने बताया कि आज के ही दिन श्री शिव बालाजी धाम मन्दिर की स्थापना भी हुई थी इसीलिए प्रत्येक वर्ष बसंत पंचमी के अवसर पर मन्दिर का स्थापना दिवस सभी सोसायटीवासियों के सहयोग से धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर आरडब्लूए अध्यक्ष बिजेंद्रगिरी, रश्मि चौधरी, एडवोकेट राज किशोर शर्मा, अनुजा बंसल, गौरव बंसल,अनुज बंसल,प्रभा शर्मा, संजय बंसल,पंकज बत्रा,राजेश अग्रवाल अश्विनी वाधवा सहित सैकड़ो निवासी मौजूद रहे।