रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- बसंत पंचमी के पावन अवसर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित जी. एच. 7 सोसाइटी की लाइब्रेरी में माँ सरस्वती पूजा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासी, विशेष रूप से बच्चे, उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत पूजा, हवन एवं आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर ज्ञान, विद्या एवं संस्कारों की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा उपरांत सभी उपस्थितजनों को फल एवं बूंदी प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन ने लाइब्रेरी के वातावरण को शांत, सकारात्मक एवं श्रद्धापूर्ण बना दिया, जहाँ माँ सरस्वती की दिव्य उपस्थिति का अनुभव सभी ने किया।
बाल चित्रकला (ड्रॉइंग) प्रतियोगिता: बसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर शाम के समय सोसायटी की एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) द्वारा सोसाइटी के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के बच्चों ने अपनी‑अपनी श्रेणियों के अनुसार उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता को विशेष एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से सोसाइटी के बाहर से तीन माननीय निर्णायकों को आमंत्रित किया गया। इसके अतिरिक्त सोसाइटी के वे निवासी, जो चित्रकला के क्षेत्र में विशेषज्ञ हैं, उन्हें भी बच्चों के मार्गदर्शन हेतु आमंत्रित किया गया। बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाएँ अत्यंत सुंदर, सृजनात्मक एवं आकर्षक रहीं, जिन्होंने निर्णायकों एवं उपस्थित निवासियों का मन मोह लिया।
प्रोत्साहन एवं सम्मान: एओए की ओर से सभी बच्चों एवं उपस्थित निवासियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण‑पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को ट्रॉफ़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एओए द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि ड्रॉइंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों द्वारा बनाई गई श्रेष्ठ 29 चित्रकलाओं को सोसाइटी के सभी 29 ब्लॉकों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे निवासी बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को देख और सराह सकें।
चित्रकला प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने वाली श्रीमती विजेता श्रीवास्तव, श्रीमती स्वाति सिंघल एवं श्रीमती प्रिया जी का निष्पक्ष मूल्यांकन एवं मार्गदर्शन हेतु विशेष आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, सतेंद्र नाथ शाही एवं श्रीमती संजू यादव जी को भी उनके महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद दिया गया।
जी.एच 7 सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. रोहित चौधरी द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, जिससे बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन मिले और निवासियों के बीच आपसी सौहार्द एवं सहभागिता बनी रहे। अंत में, इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी निवासियों, बच्चों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं स्वयंसेवकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सोसाइटी कार्यकारिणी से डॉ. रोहित चौधरी, अभय सिंह यादव, कमल तनेजा, मयंक अग्रवाल, श्रीमती प्रगति शारदा, सुमित श्रीवास्तव, सुशील कुमार महेश्वरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।