रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व रविवार को क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित जी. एच. 7 आवासीय सोसाइटी में सोसायटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) द्वारा सोसाइटी निवासियों, विशेषकर बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में बच्चों के साथ‑साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, नींबू‑चम्मच दौड़, बैलून रेस सहित कई रोचक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सभी खेल प्रतियोगिताएँ पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए अलग‑अलग आयु वर्गों में संपन्न कराई गईं। इसके अतिरिक्त, बच्चों के माता‑पिता एवं सोसायटी के सीनियर सिटीजन ने भी अपनी‑अपनी आयु श्रेणी के अनुसार प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रत्येक आयु वर्ग में महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को AOA सदस्यों, सोसाइटी के वरिष्ठ नागरिकों एवं स्वयंसेवकों द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
AOA सदस्यों ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों, सोसाइटी निवासियों एवं वॉलंटियर्स का कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। AOA पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी सोसाइटी में इस प्रकार के खेल, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, जिससे निवासियों के बीच आपसी सौहार्द एवं एकता को बढ़ावा मिले।
इस अवसर पर सोसाइटी AOA के सदस्य रोहित चौधरी, अभय सिंह यादव, कमल तनेजा, मयंक अग्रवाल, प्रगति शारदा, सुमित श्रीवास्तव, राम सिंह, सुखविंदर संधू सहित अन्य सदस्य कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे।