◼️मांग को लेकर जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिला अधिकारी ज्योति मौर्य को ज्ञापन दिया गया
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- जैन मंदिर घंटाघर गाजियाबाद, श्री वीर दिगंबर जैन मंदिर संजय नगर व श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर जैन नगर के पदाधिकारियों ने जनगणना के दौरान जैन धर्म के लोगों के नाम के आगे जैन धर्म ही लिखे जाने की मांग की है। मांग के लेकर पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिला अधिकारी ज्योति मौर्य को दिया। जैन मंदिर घंटाघर गाजियाबाद के उपाध्यक्ष हिमांशु जैन, श्री वीर दिगंबर जैन मंदिर संजय नगर के कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न जैन, श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर जैन नगर के अध्यक्ष पंकज जैन व कोषाध्यक्ष राकेश जैन तथा जैन प्रबुद्ध मंच के शहर अध्यक्ष नीरज कुमार जैन ने बताया कि आधार कार्ड, राशन कार्ड या मतदाता सूची में धर्म दर्ज नहीं होता है।
सरकार के पास लोगों का धर्म जानने का एकमात्र रास्ता जनगणना ही होता है। इन दिनों जनगणना का कार्य चल रहा है। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना और 1 दिसंबर से 4 दिसंबर तक घर-घर गणना का कार्य होगा जिसमें हर व्यक्ति का धर्म दर्ज होगा। इस कार्य के दौरान जैन समाज के लोगों का धर्म परिवार के मुखिया से पूछकर सही तरीके से जैन धर्म ही दर्ज किया जाए। कुछ लोग जानकारी के अभाव में खासकर महिलाएं दिगम्बर या बिरादरी का नाम बता देती हैं, जिससे समाज के लोगों की सही संख्या का पता नहीं चल पाता है। अतः गणनाकर्मी परिवार के मुखिया से सीधे धर्म पूछकर उसकी प्रविष्टि करें। यदि उपनाम, गोत्र अथवा बिरादरी के आधार पर धर्म को लेकर कोई भ्रम हो, तो परिवार से पुनः पुष्टि की जाए। गणनाकर्मियों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण में इस विषय को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए।
परिवार की उपस्थिति में ही धर्म की सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की त्रुटि न हो। जैन मंदिर घंटाघर गाजियाबाद, श्री वीर दिगंबर जैन मंदिर संजय नगर व श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर जैन नगर द्वारा जनगणना को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो और सभी लोगों के नाम दर्ज हो सकें। जैन मंदिर घंटाघर गाजियाबाद, श्री वीर दिगंबर जैन मंदिर संजय नगर व श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर जैन समिति के पदाधिकारी नगर जिला प्रशासन व जिला निर्वाचन कार्यालय के भी हर प्रकार का सहयोग देने के लिए तैयार है।