इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में पॉक्सो एवं पॉश अधिनियम पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के माध्यम से शिक्षकों व कर्मचारियों को पॉक्सो अधिनियम एवं पॉश अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया। कार्यशाला की मुख्य वक्ता विधि विशेषज्ञ एवं प्रख्यात अधिवक्ता मोनिका सखरानी रहीं। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों, यौन अपराधों की पहचान तथा ऐसी परिस्थितियों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भूमिका और कानूनी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही, पॉश अधिनियम के अंतर्गत कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी। 

संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। विद्यालय सचिव प्रियंक जोशी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं प्रत्येक कर्मचारी के सम्मान की रक्षा विद्यालय की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से जागरूकता एवं सामूहिक जिम्मेदारी के साथ सुरक्षित वातावरण निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और सम्मान का वातावरण प्रदान करने वाली संस्था भी है। प्रत्येक शिक्षक एवं कर्मचारी की सजगता इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण तथा सभी कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्यस्थल सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का समापन जागरूकता, संवेदनशीलता और सामूहिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post