◼️नन्हे कान्हा ने राधारानी संग दी मनमोहक प्रस्तुति
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- विजयनगर स्थित रोजबेल पब्लिक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व गुरूवार को धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के मनमोहक वेश में सजे बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाओं ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी नटखट लीलाओं और राधा-कृष्ण के प्रेम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शाया। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों को उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता से जीवंत कर दिया और माखन चोरी, बांसुरी वादन और राधा-कृष्ण की झांकियों के माध्यम से अभिभावकों और शिक्षकों की खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि पार्षद कन्हैया लाल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, प्रेम, मित्रता, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
स्कूल के चेयरमैन जोगेंदर सिंह ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी है। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से भी जोड़ा जाए। उन्होंने सभीं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।