रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- श्री अद्वैत परिवार फाउंडेशन के तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित अद्वैत पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना से किया गया। बच्चों ने भजन, नृत्य, झांकी तथा श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े आदर्शों, सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य का संदेश प्रस्तुत किया।
विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष महंत मुकेशानंद गिरि महाराज ने सभी को जन्माष्टमी पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। अंजली त्यागी, श्याम सुंदर साहनी, प्राची नेगी, स्वाति चौधरी,निखत परवीन ,सुरेश ,अशोक समेत समस्त स्टॉफ भी मौजूद रहा।