रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट द्वारा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। क्लब द्वारा शिक्षा सारथी परियोजना के तहत लक्ष्य पाठशाला, मोदीनगर में 150 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, नोटबुक, जूते एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता व विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट गवर्नर अरुण अग्रवाल रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रोटरी क्लब का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उसे आत्मविश्वास एवं बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करना है। प्रोजेक्ट चेयर जे. के. गौड़ ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागिता का आह्वान किया। क्लब की अध्यक्ष निधि गौड़ ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी सेवा प्रकल्पों का निरंतर आयोजन करता रहेगा, जिससे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँच सके।
इस सेवा परियोजना में सुरेन्द्र शर्मा, बीना श्रीवास्तव, वरुण गौर, बलराम बंसल, मोनिका बंसल, एच. के. जोशी, खुशी, अरुणा अग्रवाल, प्रवीण शर्मा, उज्ज्वल अग्रवाल, क्लब सचिव पुष्कर गोयल आदि ने विशेष सहयोग दिया।