रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम और राजधानी युवा संसद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्लोबल पंचायत 3.0 MUN (Model United Nations) का समापन 25 जुलाई 2026 को उत्साह और जोश के साथ हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन में कक्षा 3 से 12 तक के छात्रों ने भाग लिया, जिसमें हमारे विद्यालय सहित अन्य 20 विभिन्न विद्यालयों से 65 प्रतिभागी शामिल हुए।
इस आयोजन ने प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर संवाद, समाधान और नेतृत्व कौशल प्रस्तुत करने का प्रभावशाली मंच प्रदान किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एडवोकेट महिर गुप्ता, साइबर विशेषज्ञ एवं दिल्ली में एआई (AI) लैब्स के विकास से जुड़े विशेषज्ञ रहे। उनके साथ श्री ध्रुव लाऊ भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जो पूर्व में रेड एफएम में पॉडकास्टर रह चुके हैं और वर्तमान में स्वतंत्र एआई एवं संचार सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। वे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा अन्य ग्राहकों के साथ कार्य कर रहे हैं।
दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग तथा तकनीक के माध्यम से नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा तकनीक और नेतृत्व के समन्वय से भविष्य की नई दिशा तय कर सकते हैं।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश विधानसभा (UPLA), संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (डबल डेलीगेशन), हॉगवर्ट्स, प्रेस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) शिखर सम्मेलन, लोकसभा, ऐतिहासिक हितधारक सम्मेलन (HSM) तथा अंतरराष्ट्रीय प्रेस (IP) जैसी समितियों ने गंभीर वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निधि गौड़ ने कहा कि छात्रों ने गहरी सोच, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मॉडर्न एकडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल इंदिरापुरम ने बेस्ट डेलिगेट का अवार्ड प्राप्त किया। आयोजन के अंत में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।