रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट एवं यशोदा मेडिसिटी द्वारा किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला एवं निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण संपन्न





रिपोर्ट :- अजय रावत 

गौतमबुद्ध नगर :- रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट ने यशोदा मेडिसिटी के संयुक्त तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालय, ब्लॉक बिसरख-1 में किशोरियों के लिए "मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला एवं निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण" कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।

इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम के दौरान यशोदा मेडिसिटी की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योत्सना सिंह, MBBS, MS – Obstetrics & Gynaecology ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता, संतुलित पोषण, संक्रमण से बचाव, एनीमिया से बचने के उपाय, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य तथा नियमित देखभाल के बारे में सरल एवं वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर बिना किसी संकोच के खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के उपरांत लगभग 300 छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए, जिससे उन्हें सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन निधि गौड़ ने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आत्मविश्वास एक सशक्त समाज की नींव है। मासिक धर्म स्वास्थ्य पर जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है तथा रोटरी क्लब भविष्य में भी महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम के इंटरैक्ट क्लब के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान किया। विद्यालय की इंटरैक्ट क्लब टीचर इंचार्ज सुश्री ज्योत्सना गर्ग की सक्रिय सहभागिता एवं समन्वय ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट ने यशोदा मेडिसिटी की चिकित्सकीय टीम, विद्यालय प्रशासन, जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम के इंटरैक्ट क्लब के विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post