◼️मंजू नयाल देश की पहली महिला 3 स्टार अंतरराष्ट्रीय रेफरी बनीं
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- गुरूकुल द स्कूल की शारीरिक शिक्षा विभाग की कोर्डिनेटर मंजू नयाल ने इतिहास रच दिया। वे भारतीय कुराश खेल में देश की पहली महिला 3 स्टार अंतरराष्ट्रीय रेफरी बन गई है। उज्बेकिस्तान में 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय रेफरी परीक्षा में विश्व भर की प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिनमें मंजू नयाल भी शामिल थीं। परीक्षा का बुधवार की रात रिजल्ट आया, जिसमें मंजू नयाल ने सफलता प्राप्त कर वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।
इंटरनेशनल कुराश एसोसिएशन के टेक्निकल डायरेक्टर रवि कपूर के मार्गदर्शन व नेतृत्व में मंजू नयाल ने यह उपलब्धि प्राप्त की। वे यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने वाली भारत की पहली महिला 3 स्टार कुराश रेफरी बन गई हैं। उनकी यह अभूतपूर्व सफलता देश भर की महिला खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य करेगी। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए मंजू नयाल ने इंटरनेशनल कुराश एसोसिएशन के टेक्निकल डायरेक्टर रवि कपूर, कुराश एसोसिएशन के सचिव विक्रांत कुमार, गुरुकुल द स्कूल के डायरेक्टर सचिन वत्स व प्रधानाचार्य गौरव बेदी का आभार जताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन व सहयोग से ही उन्हें ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई।