रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- शास्त्रीनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पर खेले जा रहे पहले श्री महावीर सिंह रावल मैमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में सिटी क्रिकेट अकैडमी व डीएस क्रिकेट अकैडमी के बीच लीग मैच खेला गया। मैच में सिटी क्रिकेट अकैडमी को 83 रन से जीत मिली। सिटी क्रिकेेट अकैडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम 40 वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हुई, मगर तब तक उसने 251 रन का मजबूत स्कोर खडा कर लिया। विराज कुमार ने 50 गेंद पर 8 चौकों व 1 छक्के की मदद से 57 रन की पारी खेली।
नैतिक रावत ने 49, कप्तान कियान शर्मा ने 47 व शिवांस पंत ने 42 रन बनाए। अभिनव त्यागी ने 8 ओवर में 63 रन देकर 4 विकेट लिए। अधिराज व शौर्य मलिक को 2-2 विकेट मिले। 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए डीएस क्रिकेट अकैडमी 33.1 ओवर में 168 रन पर आउट हो गई। टीम की ओर से यशस्वी यादव ने सबसे अधिक 40 रन बनाए। विवान ने 37 रन का योगदान दिया। जयेश चौहान ने 3, शिवांस पंत व अभि नागर ने 2-2 विकेट लिए। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करने पर शिवांस पंत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरसकार दिया गया।