पूर्व मुख्यमंत्री चौ. राम प्रकाश गुप्ता की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, जाट समाज ने आरक्षण हेतु जताया आभार





रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता की पुण्य तिथि के अवसर पर 1 मई 2026 को वरदान मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, गढ़ी सिकरोड़ मेरठ रोड स्थित सभागार में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जाट समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा समाज को आरक्षण दिलाने में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राम प्रकाश गुप्ता ने वर्ष 1999 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। विशेष रूप से जाट समाज को पिछड़ा वर्ग आरक्षण दिलाने के उनके प्रयास ऐतिहासिक रहे, जिसके लिए समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा।

समिति के संस्थापक संरक्षक एवं पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिंह सिरोही ने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाजहित में शुरू की गई यह मुहिम आज व्यापक रूप ले चुकी है। मुख्य वक्ता एवं पूर्व महापौर आशु वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राम प्रकाश गुप्ता ने सदैव समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और उनके सिद्धांत आज भी प्रेरणास्रोत हैं।

युवा नेता प्रताप चौधरी ने कहा कि हमें उनके विचारों को आत्मसात कर समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। वहीं नामित पार्षद प्रदीप चौधरी ने कहा कि समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सुधीर चौधरी (पगड़ी) ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्हें सच्चा समाजसेवी बताया और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

वक्ताओं ने यह भी उल्लेख किया कि जाट समाज को आरक्षण दिलाने के उनके प्रयासों से प्रभावित होकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा ने तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित एक सम्मान समारोह में उन्हें “चौधरी” की उपाधि प्रदान की थी और उन्हें चौधरी चरण सिंह का सच्चा अनुयायी बताया था।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद नरेन्द्र तेवतिया द्वारा किया गया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने राम प्रकाश गुप्ता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कृष्णवीर सिरोही, आशु वर्मा, प्रदीप चौधरी, आकाश प्रधान, श्रीमती उषा चौधरी, डॉ. मनोज कुमार, हंस चौधरी, भीष्म चौधरी, राहुल चौधरी, रविन्द्र तेवतिया, कोमल कुण्डू, इन्द्रपाल चौधरी, संजय चौधरी, बी.पी. बालियान, प्रताप सिंह, विनय चौधरी, वैभव चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post