रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- नंदग्राम स्थित दीवान क्रिकेट ग्राउंड पर खेली जा रही लीजेंडस प्रीमियर टी 20 क्रिकेट लीग में गाजियाबाद ग्लैडिएटर्स व गाजियाबाद रॉयल्स के बीच खेला गया लीग मैच रोमांचक रहा। मैच में गाजियाबाद ग्लैडिएटर्स 7 रन से विजयी रहा। गाजियाबाद ग्लैडिएटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की व 18.1 ओवर में 152 रन पर आउट हो गया। समीर चौधरी ने 26 गेंद पर 45 रन की पारी खेली जिसमें 9 चौके व 1 छक्का शामिल था। राकेश रविश ने 12 गेंद पर 1 चौके व 3 छक्के की मदद से 23 रन बनाए।
कृष्ण त्यागी ने 2 ओवर में 11 रन देकर 3 व प्रदीप त्यागी ने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट लिए। शिखर सिंह ने 3.1 ओवर में 26 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया। गाजियाबाद रॉयल्स जवाब में 18.2 ओवर में 145 रन बनाकर आउट हो गया। प्रांशु बालियान ने 32 गेंद पर 5 चौकों व 1 छक्के की मदद से 40 रन बनाए। कृष्ण त्यागी ने 29 रन का योगदान दिया। चित्रगुप्त सतीश श्रीवास्तव ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 व आरिफ खान ने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से चित्रगुप्त सतीश श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।