◼️मंत्री नरेंद्र कश्यप बोले—बदलेगा क्षेत्र का आर्थिक परिदृश्य, रोजगार और व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित रैली ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने इसे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अब तक की सबसे बड़ी सौगात बताया।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद पूरे क्षेत्र की आर्थिक, औद्योगिक और व्यापारिक स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इससे गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ और मुजफ्फरनगर सहित आसपास के जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि “हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके”, और जेवर एयरपोर्ट इसी सोच को साकार करेगा। एयरपोर्ट शुरू होने से आयात-निर्यात की सुविधाएं बढ़ेंगी, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
बड़ी संख्या में शामिल होंगे लोग:
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि वे जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में अपने समर्थकों और समाज के लोगों के साथ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं और आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।