चिन्मय मिशन के अमृत महोत्सव पर गाजियाबाद में 108 कुण्डीय श्री हनुमान चालीसा 15 मार्च को होगा




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- चिन्मय मिशन, गाजियाबाद ने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नगर को एक नई पहचान दिलाई है। मिशन की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती जी द्वारा स्थापित चिन्मय मिशन समाज के हर वर्ग और आयु के लोगों के आध्यात्मिक उत्थान तथा उन्हें संस्कारवान बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इसी क्रम में चिन्मय मिशन द्वारा 15 मार्च 2026 को रामलीला मैदान, कविनगर, गाजियाबाद में 108 कुण्डीय श्री हनुमान चालीसा यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरूआत प्रातः 6:30 बजे स्वामी शारदानन्द सरस्वती के पूजन और हवन के साथ होगी। इसके बाद प्रातः 8:30 बजे से 108 यज्ञ कुंडों में अग्नि स्थापित कर हनुमान चालीसा यज्ञ का शुभारंभ किया जाएगा। 

आयोजकों के अनुसार यह यज्ञ जपें हनुमान, बनें गुणवान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। शास्त्रों में हनुमान जी के बल, बुद्धि, विद्या, भक्ति, विवेक और वैराग्य जैसे गुणों का उल्लेख मिलता है। हनुमान चालीसा का पाठ और यज्ञ व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागृति लाने का माध्यम माना जाता है। 

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादंड उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन चिन्मय मिशन की आचार्य पूज्य ब्रह्मचारिणी प्रणति चैतन्य जी के संकल्प तथा संस्था के अध्यक्ष वेदप्रकाश बंसल, सचिव योगेश कंसल और कोषाध्यक्ष विजय मित्तल के प्रयासों से समाज के सहयोग से संभव हो सका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post