रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद शाखा की नवगठित कार्यकारिणी समिति द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नव नियुक्त सभापति डॉ. अंजुल अग्रवाल, सचिव डॉ. किरण गर्ग, डिप्टी सीएमओ सहित नवगठित कार्यकारिणी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि रेडक्रॉस सोसाइटी के संस्थापक जॉन हेनरी ड्यूनेंट के जन्मदिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष 08 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व रेडक्रॉस दिवस की थीम “मानव बंधुत्व” निर्धारित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ रेडक्रॉस सोसाइटी के संस्थापक जॉन हेनरी ड्यूनेंट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा सचिव डॉ. किरण गर्ग एवं सभापति डॉ. अंजुल अग्रवाल को रेडक्रॉस की नवीन कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में अनेक ऐसे लोग हैं जो असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करना चाहते हैं, किन्तु उन्हें उपयुक्त माध्यम एवं वास्तविक जरूरतमंदों की जानकारी नहीं हो पाती। ऐसे में रेडक्रॉस जैसी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस को अपने सेवा कार्यों के माध्यम से आमजन में यह विश्वास स्थापित करना होगा कि संस्था द्वारा प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों एवं आपात परिस्थितियों में किया जाता है।
उन्होंने सभी सक्षम संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से रेडक्रॉस को सशक्त बनाने हेतु सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित कार्यकारिणी समिति जनपद गाजियाबाद में रेडक्रॉस की गतिविधियों को नई दिशा एवं ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर रेडक्रॉस गाजियाबाद शाखा की ब्रांड एंबेसडर डॉ.ऋचा सूद, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. बालिगा, श्रीमती शील वर्मा, तुषार जैन, श्रीमती पूनम शर्मा, धर्मवीर गुप्ता, विनोद कुमार, मेजर डॉ. प्राची गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।