रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त सुरेश मिश्रा से मुलाकात की। इस बैठक में संदीप बंसल के नेतृत्व में व्यापार मंडल ने खाद्य विभाग द्वारा व्यापारियों के समक्ष आ रही प्रमुख समस्याओं से विभाग को अवगत कराया।
व्यापारियों की समस्याएं और प्रमुख मांगें:
लाइसेंस एवं पंजीकरण में देरी: व्यापारियों ने बताया कि फूड लाइसेंस और पंजीकरण प्रक्रिया में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक परेशानी हो रही है। मंडल ने प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने की मांग की।
निरीक्षण में पारदर्शिता : मंडल ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट दिशा-निर्देश न मिलने और कई बार एक ही प्रतिष्ठान पर बार-बार जांच की शिकायत रखी। उन्होंने अनुरोध किया कि निरीक्षण पूर्व सूचना और निर्धारित मानकों के अनुसार हो।
जागरूकता की कमी: व्यापारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा के नए नियमों और लेबलिंग मानकों की जानकारी सभी तक नहीं पहुंच पा रही। मंडल ने विभाग से समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने का आग्रह किया।
समन्वय का आश्वासन: सहायक आयुक्त सुरेश मिश्रा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि विभाग व्यापारियों के हित में पारदर्शी और सहयोगात्मक रवैया अपनाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन अनिवार्य है, लेकिन उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि वह खाद्य सुरक्षा के मानकों के समर्थन में है और चाहता है कि व्यापार और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो, ताकि उपभोक्ता हित भी सुरक्षित रहें और व्यापारी भी बिना भय के अपना व्यवसाय कर सकें।