रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसीपी सुश्री उपासना पांडेय, एसएचओ सचिन मलिक, एजुकेशन अकादमी के समन्वयक जी. के. कौल, मनोवैज्ञानिक डॉ. संस्कृति सिंह, ऑपरेशन प्रहार के पुलिस सेवा समन्वयक वीरेश चंद्र सिंह, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी सुश्री प्रिंसी तथा साइबर सेल केंद्र प्रभारी तेजवीर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत से हुई, जिसने सभी अतिथियों का दिल जीत लिया। इसके बाद छात्राओं ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें नशा-लत और साइबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में छात्राओं को नशे की लत, साइबर फ्रॉड और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति सजग रहने तथा उनके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा, सतर्कता और सही समय पर कार्रवाई करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विद्यालय की प्राचार्या सुश्री पूनम शर्मा, उप-प्राचार्या सुश्री पूजा श्रीवास्तव एवं सुश्री बीनू गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित एवं सशक्त बनाना रहा, जो सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।