रिपोर्ट :- विकास शर्मा
हरिद्वार :- हरिद्वार क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर थाने में ग्राम कांगड़ी में बोरवेल किए जा रहे कार्य में एक 55 वर्षीय कार्यरत व्यक्ति के गिरने से बड़ा हादसा हो गया। क्षेत्र में हुए हादसे के कारण वहां अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। घटनास्थल पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम द्वारा युद्ध स्तर पर बचाव कार्य आरंभ कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांगड़ी गांव निवासी मनोहर बोरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खुले और गहरे बोरवेल गड्ढे में जा गिरे। यह अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह गड्ढे में नीचे पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया। बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विशेषज्ञों की देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।घटनास्थल पर शिशुपाल सिंह नेगी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और लगातार बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने जेसीबी मशीन, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से गड्ढे में गिरे व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
रेस्क्यू टीमों को बोरवेल की गहराई और संकरी संरचना के चलते काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीमें लगातार प्रयासरत हैं कि जल्द से जल्द मनोहर को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं और आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर बचाव कार्य को सुचारु रूप से चलाने में मदद कर रहे हैं। अभी तक मनोहर की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।