◼️नगर भ्रमण पर निकले भगवान कृष्ण व बलराम ने भक्तों को दर्शन देकर किया अनुग्रहित
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) गाजियाबाद द्वारा भव्य श्री कृष्ण-बलराम शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा नवयुग मार्केट से प्रारंभ होकर इस्कॉन टेंपल, राजनगर गाजियाबाद में संपन्न हुई। शोभा-यात्रा से भक्तों को ऐसा प्रतीत हुआ कि मानो स्वयं श्री कृष्ण-बलराम अपने नगर भ्रमण पर निकले हों और अपने प्रिय भक्तों को दर्शन देकर समस्त नगरवासियों को अनुग्रहित कर रहे हों। पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन, पुष्पवर्षा एवं जयघोष से वातावरण कृष्णमय हो उठा।
शोभा-यात्रा में गुरु प्रसाद स्वामी महाराज व प्रबोधानन्द सरस्वती महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश एवं बिहार के जोनल सुपरवाइजर सुंदर गोपाल प्रभु, टेंपल प्रेसिडेंट आदि करता प्रभु व उत्तर प्रदेश सरकार के नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नारियल फोड़कर, आरती कर एवं रथ पूजन कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। सुंदर गोपाल प्रभु ने कहा कि जब भगवान नगर भ्रमण पर निकलते हैं तो वे सभी जीवों पर अपनी कृपा वर्षा करते हैं।
मुख्य अतिथि गुरु प्रसाद स्वामी महाराज ने नाम-संकीर्तन के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रबोधानन्द सरस्वती महाराज ने श्री कृष्ण-बलराम की महिमा, उनके दिव्य अवतरण के उद्देश्य तथा शोभायात्रा के आध्यात्मिक संदेश के बारे में बताया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अत्यंत उत्साह के साथ रथ को खींचा। भक्तिमय धुनों पर युवाओं ने नृत्य किया तथा कई स्थानों पर क्रेन के माध्यम से भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया ।