नगर निगम से आया गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में पानी का टैंकर लेकिन पानी का टीडीएस 400 पार


◼️बुजुर्गों को टैंकर से फ्लैट तक पानी ढोने में हो रही परेशानी



विशाल वाणी.....✍🏻

गाजियाबाद :- राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की समस्या हल होती दिखाई नहीं दे रही है। बुधवार को नगर निगम ने एक पानी का टैंकर भेजा, लेकिन उसका टीडीएस भी 457 निकला। जिससे स्थानीय निवासियों में हताशा पैदा हो गई। बुधवार की सुबह पानी का टैंकर आने की जानकारी मिलने पर गुलमोहर निवासियों ने राहत की सांस ली। लेकिन सबसे बड़ी समस्या फ्लैटों में रह रहे बुजुर्गों के सामने आई। जिन्हें पानी की बाल्टी अपने फ्लैट तक ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग रामशरण जग्गा ने कहा कि पानी से भरी बाल्टी हम बुजुर्ग नहीं उठा सकते। नगर निगम को फ्लैटों तक स्वच्छ पानी पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए। 

अश्वनी ने बताया कि जैसे ही टैंकर की सूचना मिली तो वह घर से बाल्टी लेकर पानी भरने गए थे लेकिन जैसे ही टीडीएस नापा तो वह 457 निकला तो वह अपनी बाल्टी बिना पानी लिए वापस घर चले गए और मजबूरन मिनरल वाटर ही पी रहे हैं। सोसायटी के निवासी राजेश श्रीवास्तव, पवन गर्ग, गौरव बंसल ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारी सोसायटी स्वच्छ पानी को तरस रही है। नगर निगम और आरडब्लूए समेत तमाम सरकारी मशीनरी लोगों की मूलभूत आवश्यकता पूरी करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post