रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- पटेल नगर स्थित श्री गणेश मंदिर में शुक्रवार को मां दुर्गा की स्थापना का रजत जयंती महोत्सव श्रद्धाभाव व धूमधाम से मनाया गया। कथा व्यास पंडित विष्णु दत्त सरस के सानिध्य में हुए महोत्सव में मां की पूजा-अर्चना करने के लिए शहर भर से भक्त पधारे। वेदी पूजा से महोत्सव का शुभारंभ किया गया, जिसके बाद नौ ब्राहमणों ने नवचंडी पाठ पाठ व नवचंडी यज्ञ कराया।
यज्ञ के यजमान अनीता चंदा, पंकज चंदा, संजीव चंदा, नीतू, सोनिया समेत बडी संख्या में भक्तों ने आहुति दी और मां से विश्व कल्याण व सभी के सुख-शांति की कामना की। कथा व्यास पंडित विष्णु दत्त सरस ने कहा कि नवचंडी पाठ और नवचंडी यज्ञ माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों को समर्पित है। नव चंडी यज्ञ सभी कष्टों को हर लेता है। यह यज्ञ करने से दुश्मन और बुरे ग्रहों का प्रभाव नष्ट हो जाता है। मनुष्य को जीवन की हर सफलता प्राप्त होती हैं। यज्ञ के बाद भंडारे का आयोजन भी किया गया लिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।