रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- लायंस ओलंपियाड दिल्ली द्वारा सीएसएचपी पब्लिक स्कूल के होनहार छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सी. एस. एच. पी. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या ममता शर्मा ने विद्यालय के मेधावी छात्रों- अंशुमन, खुशी बिष्ट, वंशिका को लायंस ओलंपियाड द्वारा स्वर्ण पदक से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, "यह हमारे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। ये विद्यार्थी अपनी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर आज सम्मानित हुए हैं। इनकी इस उपलब्धि में न केवल उनकी स्वयं की मेहनत बल्कि उनके माता-पिता का अटूट समर्थन और शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन भी शामिल है। परिवार और शिक्षक, दोनों ही एक मजबूतस्तंभ की तरह छात्रों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि लायंस ओलंपियाड द्वारा इस प्रकार की प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोहों का आयोजन एक अत्यंत सराहनीय पहल है। यह न केवल छात्रों की प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने का कार्य करता है, बल्कि उनमें शिक्षा के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी विकसित करता है। ऐसे मंच से विद्यार्थियों को न केवल अपनी शैक्षिक योग्यता का आकलन करने का अवसर मिलता है, बल्कि वे वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए भी तैयार होते हैं।
विद्यालय में आयोजित इस विशेष सम्मान समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। सभी ने छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को दिया और कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी कड़ी मेहनत करने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहाँ सभी उपस्थित लोगों ने इन् विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। कार्यक्रम में इंडिपेंडेंट स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष जी.पी.गुप्ता, विद्यालय की निर्देशिका श्रीमती सविता गुप्ता एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री ममता शर्मा उपस्थित रहे।