रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- हापुड़ में हुए राज्य सरकार की मण्डल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में अमित्र फाउंडेशन्स के तत्वाधान में खेल रही दो छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। नगर निगम बालिका इण्टर कॉलेज मकनपुर से यशोदा अंडर 17 में तथा नगर निगम बालिका इण्टर कॉलेज कैला भट्ठा से सान्या अंडर 14 ने आगे की जीत का मार्ग प्रशस्त किया।
अब आगे ये छात्राएं बरेली में होने वाली प्रतियोगिता में खेलेंगी। नगर निगम बालिका इण्टर कॉलेज की किसी भी शाखा की छात्राओं की इस तरह की बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभागिता पहली बार है और उस पर जीत दर्ज करना भी अहम है। दोनों छात्राओं को अन्य छात्राओं के साथ अमित्र फाउंडेशन्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी एल बत्रा एडवोकेट द्वारा एक वर्ष से प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
इन दोनों छात्राओं ने बहुत ही मेहनत की और अपने खेल पर फोकस किया जिसके कारण आज यह सफ़ल हो पाई।अमित्र फाउंडेशन्स के प्रयास हमेशा छात्र छात्राओं के हित में शिक्षा के हित में कार्य करना रहा है और आगे भी ये प्रयास जारी रहेंगे । फाउंडेशन अन्य खेलों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है और छात्र छात्राओं को प्रशिक्षण कॉलेज में ही दिया जा रहा है और कभी कभी बाहर भी अन्य छात्राओं के साथ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। आने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को भी फाउंडेशन अनेक प्राथमिक विद्यालयों और कॉलेज में खेलों का आयोजन करने जा रहा है।