रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- एचआरआईटी विश्वविद्यालय, ने अपने नए विद्यार्थियों के स्वागत हेतु तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह आयोजन 21 से 23 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।
सुबह 10 बजे से पंजीकरण एवं किट वितरण प्रारंभ किया गया । कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
कुलपति डॉ. डी.के. शर्मा ने विद्यार्थियों को 75% अनिवार्य उपस्थिति के नियम के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे उनके भविष्य निर्माण से जोड़ा। उपकुलाधिपति डॉ. अंजुल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्मार्ट वर्क के साथ हार्ड वर्क करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने "लेक्चर" शब्द को एक अधिक सकारात्मक और प्रासंगिक नाम से बदलने का विचार भी प्रस्तुत किया, जिससे शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रेरणादायक बनाया जा सके।
इसके पश्चात डॉ. निर्दोष अग्रवाल (डीन फैकल्टी ऑफ़ मैनेजमेंट स्टडीज एंड कॉमर्स) ने विद्यार्थियों को एच आर आई टी विश्वविद्यालय की विकास यात्रा से परिचित कराया और इसकी प्रमुख उपलब्धियों की झलकियाँ साझा कीं। डीन (फैकल्टी ऑफ़ लॉ) डॉ. अजय कुमार ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने छात्रवृत्ति योजनाओं की दिशा, पात्रता और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया, जिससे विद्यार्थी समय रहते लाभ उठा सकें।
मुख्य प्रॉक्टर डॉ. अनिल त्यागी ने विश्वविद्यालय की अनुशासन एवं गरिमा संबंधी नीतियों को स्पष्ट किया और नियमों के उल्लंघन पर संभावित दंड की जानकारी दी।
सी ओ ई, डॉ. एम.के. जैन ने क्रेडिट सिस्टम, परीक्षा नीति और मूल्यांकन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट एवं एच आर आई टी मग वितरित किए गए।कार्यक्रम का समापन विभागीय भ्रमण के साथ किया गया। एच आर आई टी विश्वविद्यालय परिवार सभी नए विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।