रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी के सहयोग से इंटरैक्ट क्लब ऑफ सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल द्वारा ‘ग्रीन डे’ एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी के सहयोग से इंटरैक्ट क्लब ऑफ सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल द्वारा सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल में ‘ग्रीन डे’ एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा ‘हर घर तुलसी, हर घर फल’ अभियान के माध्यम से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता एवं श्रीमती स्वाति गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन निशा एवं रोटेरियन आलोक, विद्यालय के चेयरमैन  डॉ. सुभाष जैन एवं फर्स्ट लेडी ऑफ द हाउस श्रीमती बाबिता जैन, वाइस चेयरमैन नमन जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (क्रिएटिव एंड एक्सपीरिएंशियल प्रोग्राम) श्रीमती मोनिका जैन, रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी की अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अरुणा सिंघल, सचिव रोटेरियन श्रीमती साक्षी विकास शर्मा तथा प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी सहित रोटरी क्लब के अन्य  गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान और प्रकाश के प्रतीक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात् राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की भावना को अभिव्यक्त करते हुए मनमोहक स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुति दी। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक और पर्यावरण-अनुकूल परिधानों के माध्यम से ग्रीन फैशन शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रभावशाली संदेश दिया। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति की सुंदरता और हरियाली के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर इंटरैक्ट क्लब के नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों के लिए बैज समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नेतृत्व, सेवा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया। साथ ही विभिन्न अंतर-विद्यालयीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों ने वृक्षारोपण करने, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने, अपशिष्ट को कम करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘हर घर तुलसी, हर घर फल’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण समारोह रहा। सभी गणमान्य अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि एक पौधा केवल हरियाली नहीं, बल्कि जीवन, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है।

मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य अतिथियों रोटेरियन अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता, असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन निशा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने का आशीर्वाद दिया तथा विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। 

चेयरमैन डॉ. सुभाष जैन ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनने और सतत् विकास की दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। 

वाइस चेयरमैन नमन जैन ने अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता से आगे बढ़कर सार्थक कार्य करने और परिवर्तन के वाहक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि विद्यालय के इंटरेक्ट क्लब के विद्यार्थी रोटरी क्लब के साथ मिलकर इस कार्यक्रम को विशाल रूप देकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे।  

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, रोटरी क्लब के सदस्यों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post