◼️रथ यात्रा में शामिल भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय रॉक म्यूजिक की मधुर धुनों पर नृत्य कर वातावरण को कृष्णमय बना दिया
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) गाजियाबाद द्वारा राजनगर एक्सटेंशन में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा में हजारों भक्त शामिल हुए। रथ यात्रा प्रारंभ होने से पहले बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान श्री जगन्नाथ की लीलाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस्कॉन गाजियाबाद के मंदिर अध्यक्ष एवं उत्तराखंड-कुमाऊँ क्षेत्र के जोनल सुपरवाइजर आदिकर्ता प्रभु ने सभी का स्वागत एवं सम्मान किया। तत्पश्चात उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी के रथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर रथ यात्रा का शुभारंभ किया। रथ यात्रा में शामिल हजारों युवक-युवतियों ने हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय रॉक म्यूजिक की मधुर धुनों पर भाव-विभोर होकर नृत्य किया। पूरे मार्ग में हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे, हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा का विशेष आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किया गया भगवान श्री जगन्नाथ का सुंदर रथ रहा। बच्चों ने अपने इस विशेष रथ के साथ पूरे उत्साह एवं भक्ति भाव से यात्रा में सहभागिता की, जिसने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रथ यात्रा का राजनगर एक्सटेंशन के विभिन्न क्षेत्रों में भक्तों ने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर पुष्पवर्षा, आरती एवं जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। दामोदर लीला प्रभु ने रथ यात्रा में सहयोग प्रदान करने वाले सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया।