विश्व रक्तदाता दिवस पर यशोदा अस्पतालों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन





रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :-  विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर "One Drop of Humanity, Give Blood – Save Lives" (मानवता की एक बूंद – रक्तदान करें, जीवन बचाएं) थीम के अंतर्गत यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट, संजय नगर, गाजियाबाद तथा यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, नेहरू नगर, गाजियाबाद में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।

इन शिविरों का आयोजन डॉ. (पूर्व कमांडेंट) प्रमोद यादव विभागाध्यक्ष, इम्यूनोहीमैटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन (ब्लड सेंटर) के मार्गदर्शन में किया गया। यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट, संजय नगर में आयोजित शिविर में 54 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जबकि यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, नेहरू नगर में आयोजित शिविर में 66 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 120 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. प्रमोद यादव ने कहा कि सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान अत्यंत आवश्यक है। रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

शिविरों में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अस्पताल प्रशासन ने रक्तदान अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा ब्लड सेंटर टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post