◼️व्यापारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में मुख्य कार्यालय, 50 राइटगंज घंटाघर, गाजियाबाद में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान राजनगर एक्सटेंशन एवं मालीवाड़ा व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और संगठन की मजबूती एवं व्यापारी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
राजनगर एक्सटेंशन व्यापार मंडल में प्रवीण शर्मा को अध्यक्ष, अभिनव त्यागी को महामंत्री, अरुण कुमार अर्जुन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा वैभव त्यागी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं मालीवाड़ा व्यापार मंडल में राजीव कुमार सोनू को अध्यक्ष एवं विनीत शर्मा को महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संदीप बंसल, दीपक गर्ग, प्रेम प्रकाश चीनी एवं नरेंद्र कुमार बिल्लू उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और संगठित संगठन ही व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराने में सक्षम होता है। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों से व्यापारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठन की ओर से सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, सौहार्द और संगठनात्मक एकता का वातावरण देखने को मिला।
वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा तथा व्यापारियों की हर समस्या को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों ने एक स्वर में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, व्यापारी हितों की रक्षा करने तथा समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।