◼️अनन्या तिवारी को सिल्वर मेडल के साथ सिल्वर मेडल एवं सर्टिफिकेट ऑफ आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस भी मिला
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- विश्व के सबसे बड़े ओलंपियाड, साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित एसओएफ ओलंपियाड परीक्षा 2025-26 में गाजियाबाद के छात्रों ने शानदार सफलता हासिल की है। गुरुकुल-द स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा अनन्या तिवारी ने इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड (आईईओ) व सेंट टेरेसा स्कूल, इंदिरापुरम के कक्षा 11 के छात्र ध्रुव शर्मा ने इंटरनेशनल कॉमर्स ओलंपियाड (आईसीओ) में इंटरनेशनल रैंक 2 प्राप्त कर सिल्वर मेडल एवं सर्टिफिकेट ऑफ आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस हासिल किया। इस वर्ष के एसओएफ ओलंपियाड में 72 देशों के लाखों छात्रों ने भाग लिया, जिसमें गाजियाबाद के 55 हजार से अधिक छात्र शामिल थे।
ओलंपियाड के विजेताओं को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 28वें एसओएफ इंटरनेशनल एनुअल अवॉर्ड समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई, विशिष्ट अतिथि एनआईटी के पूर्व अध्यक्ष प्रो वाई एस राजन, सीबीएसई शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के सचिव हिमांशु गुप्ता व डॉ प्रवीण गुप्ता रहे।
साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) के संस्थापक एवं निदेशक महाबीर सिंह ने कहा, “शैक्षणिक सत्र 2025-26 के एसओएफ ओलंपियाड लगातार छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी सोचने-समझने की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं का शानदार प्रदर्शन उनकी मेहनत, लगन और स्कूलों द्वारा दी गई मजबूत शिक्षा को दर्शाता है। हम सभी छात्र-छात्राओं अभिभावकों और शिक्षकों को इस सफलता के लिए बधाई देते हैं।”