कविवर तेजनारायण बेचैन निराला श्री सम्मान से सम्मानित

     अंतर्राष्ट्रीय शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ सुरेंद्र वर्मा         कविवर तेजनारायण बेचैन को सम्मानित करते हुए



◼️हिंदी सेवी ब्रज शुक्ल घायल की याद में साहित्य प्रेमी मण्डल  ने किया आयोजन



विशाल वाणी.....✍🏻


दिल्ली :- देश की राजधानी दिल्ली स्थित हिंदी भवन के सभागार में कविवर तेजनारायण बेचैन को हिंदी सेवी ब्रज शुक्ल घायल की याद में निरालश्री सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर महाकवि निराला की स्मृति में स्वर गंगा कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। ये आयोजन दिल्ली की प्रतिष्ठित संस्था साहित्य प्रेमी मण्डल  द्वारा किया गया। इस कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह में हास्य-व्यंग्य, गीत ग़ज़ल और वीर रस से सराबोर कविताओं ने श्रोताओं का आनंद विभोर कर दिया। कविवर विनीत चौहान को साहित्य भारती सम्मान, हास्य कवि अरुण जैमिनी को अल्हड़ बीकानेरी हास्य रत्न सम्मान और कवि दिनेश रघुवंशी को काव्य किशोर सम्मान प्रदान किया गया। इन पुरस्कारों के तहत सभी रचनाकारों को इक्यावन हजार रुपए सम्मान राशि, सम्मान पत्र, प्रतीक चिह्न और अंग वस्त्र भेंट किए गए। 

श्रोताओं से खचाखच भरे सभागार में अरुण जैमिनी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में हरियाणवी फुलझडि़यां और हास्य कविता सुनाई। तेज नारायण बेचैन ने नाइजीरिया से लाए गए चीतों पर आधारित व्यंग्य रचना से श्रोताओं को हंसाया। विनीत चौहान ने वीर रस से परिपूर्ण कविता कर्ण सुनाई तो दिनेश रघुवंशी ने मां-पिता और गांव से जुड़ी कविताएं सुनाईं।
कार्यक्रम का जीवंत संचालन लोकप्रिय कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल ने किया। उन्होंने गीत और ग़ज़लों के साथ हास्य व्यंग्य की रचनाएं भी प्रस्तुत की और अल्हड़ बीकानेरी की शैली में उनकी कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कलाम भारती की वीर रस पर आधारित कविताओं ने भी खूब तालियां बटोरी। 

डॉ रुचि चतुर्वेदी की रचनाओं पर श्रोताओं ने अपने स्थान पर खड़े होकर तालियां बजाई। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को ब्रज की सैर करवाते हुए कृष्ण एवं राधा और गोपियों के प्रेम की अनुभूति कराई। उन्होंने जब तरन्नुम में यह कविता सुनाई तो सम्पूर्ण सभागार तालियों से गूंज उठा -  ब्रज की रज माधुरी ने कहा, भ्रमर से पांखुरी ने कहा, अपनी राधा को आवाज़ दो, कृष्ण से बांसुरी ने कहा। साहित्य प्रेमी मंडल की ओर से सूबे सिंह पाराशर, राजेश कुमार, निर्दोष शर्मा, पी के आज़ाद, मुकेश शर्मा, शशि भारती, अशोक शर्मा, दिनेश शर्मा और पंकज शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post