◼️भारत एंड इट्स साइंटिफिक ग्लोरी चैप्टर-2 का आयोजन
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- भारत की गौरवशाली वैज्ञानिक परंपरा और विकसित राष्ट्र के संकल्प को समर्पित भव्य कार्यक्रम “भारत एंड इट्स साइंटिफिक ग्लोरी – चैप्टर 2” का आयोजन रविवार को जानकी भवन, रामलीला ग्राउंड, कवि नगर, गाजियाबाद में अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। जिसमे 19 प्रदेशों के युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने भारत की प्राचीन वैज्ञानिक विरासत, आधुनिक उपलब्धियों एवं वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत ने प्राचीन काल से ही गणित, खगोल विज्ञान, आयुर्वेद और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में विश्व को दिशा दी है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दें।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की प्राचीन एवं आधुनिक वैज्ञानिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना तथा युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान वक्ताओं ने भारत की वैज्ञानिक यात्रा, आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए कदमों तथा भविष्य की संभावनाओं पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुनील शर्मा, क्षेत्रिय अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश सत्येंद्र सिसोदिया, पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉक्टर अनिल अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, विधायक अजीतपाल त्यागी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं आयोजन विनीत वत्स त्यागी, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी, युवा मोर्चा, भाजपा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सत्रों के माध्यम से भारत की वैज्ञानिक विरासत, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। उपस्थित जनसमूह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में कर्नाटक के बेंगलूरु से आई टीम विजेता रही।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं सहभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।