26 अप्रैल को होगा यूथ यूनिटी फाउंडेशन की ‘भारत और इसकी वैज्ञानिक गौरव गाथा, अध्याय-2’ का ग्रैंड फिनाले




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- यूथ यूनिटी फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘भारत और इसकी वैज्ञानिक गौरव गाथा, अध्याय-2’ का ग्रैंड फिनाले 26 अप्रैल को जानकी सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम आयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी विनीत वत्स त्यागी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
विनीत वत्स त्यागी ने बताया कि यह एक राष्ट्रीय युवा प्रतियोगिता है, जिसका उद्देश्य विज्ञान, गणित, चिकित्सा, खगोलशास्त्र, धातुकर्म और भाषा विज्ञान जैसे विषयों में भारत के मूलभूत योगदान को सामने लाना और युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता की परिकल्पना 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को एक प्रामाणिक मंच उपलब्ध कराने के लिए की गई है, जहां वे भारत की बौद्धिक परंपराओं का अध्ययन कर सकें और उन्हें आधुनिक विज्ञान व प्रौद्योगिकी की चुनौतियों से जोड़ सकें।

उन्होंने बताया कि प्राचीन भारत ने विश्व को शून्य, दशमलव पद्धति, सूर्यकेंद्रित खगोलशास्त्र, मोतियाबिंद शल्यचिकित्सा, उन्नत धातुकर्म और अत्यंत परिष्कृत व्याकरण विश्लेषण जैसे महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं। यह प्रतियोगिता इन उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और शोध के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगी। कार्यक्रम में देशभर से 168 टीमों ने नामांकन किया है, जिनमें 296 प्रतिभागी शामिल हैं। लगभग 110 शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, जो 19 राज्यों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ग्रैंड फिनाले में मुख्य अतिथि के रूप में तरुण चुग (राष्ट्रीय महासचिव, भारतीय जनता पार्टी), पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल, मयंक गोयल प्रो. गंटी मूर्ति (राष्ट्रीय समन्वयक, शिक्षा मंत्रालय के इंडियन नॉलेज सिस्टम) तथा डॉ. अर्नब भट्टाचार्य (प्रोफेसर, आईआईटी कानपुर) सहित कई विद्वानों का पैनल प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगा।

आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम युवाओं को भारत की वैज्ञानिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ नवाचार और अनुसंधान की दिशा में प्रेरित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post