◼️होली का पर्व जरूरतमंदों के चेहरों पर भी खुशी के रंग लाने का संदेश देता हैः महंत मुकेशानंद गिरि महाराज
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- श्री अद्वैत परिवार के तत्वाधान में दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित अद्वैत पब्लिक स्कूल व सौरभ शोभित शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सभी को होली को शुभकामनाएं दी गईं और अपने पुराने गिले शिकवे मिटाकर एक साथ रहने तथा आगे बढ़ने की अपील की गई। मुख्य अतिथि संस्था के अध्यक्ष महंत मुकेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि होली का पर्व हमें आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ मिल-जुलकर रहने व जरूरतमंदों के चेहरों पर भी खुशी के रंग लाने का संदेश देता है। सचिव सुशील मिश्रा ने कहा कि होली के पर्व पर हम सभी को अपने सभी गिले शिकवे मिटाकर नई शुरूआत करनी चाहिए।
निदेशिका निधि देवेश्वर ने कहा कि होली पर्व पर नकारात्मक सोच का दहन कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढने का संकल्प लेना चाहिए। अद्वैत पब्लिक स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने होली के पर्व पर सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दी। सभी दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने चार्ट पर हैंड इंप्रेशन के माध्यम से इस होली को यादगार बनाया। संस्था के अध्यक्ष महंत मुकेशानंद गिरि महाराज ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं व रंग-गुलाल वितरित किए। सोनम, जूही, मनीराम पाठक, सौरभ शोभित शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र के ट्रेनीज छात्र-छात्राएं व श्री अद्वैत परिवार फाउंडेशन का समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा।