गोवर्धन महाराज भगवान श्रीकृष्ण का ही साक्षात स्वरूप हैंः कथा व्यास अभिषेक भाई


◼️गोवर्धन लीला से प्रेरणा लेकर हम सभी को प्रकृति का सम्मान व आभार व्यक्त करना चाहिएः विधायक संजीव शर्मा 


रिपोर्ट :- अजय रावत 

बद्रीनाथ धाम :- शहर विधायक संजीव शर्मा व उनकी पत्नी ऋतु शर्मा एवं आशीष और रूबी अग्रवाल द्वारा  शिव बद्रिका धाम बद्रीनाथ में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के पांचवें दिन गोवर्धन पूजा हुई। कथा श्रवण करने के लिए देश भर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और भगवान गोवर्धन के जयकारों से उन्होंने बद्रीनाथ धाम को गुंजायमान कर दिया। कथा व्यास अभिषेक भाई जी बालाजी धाम आश्रम आगरा ने कहा कि गोवर्धन महाराज भगवान श्रीकृष्ण का ही साक्षात स्वरूप है। यही कारण है कि गोवर्धन महाराज की पूजा करने से ही कष्ट-रोग-बाधा दूर होती है और सभी मनोकामना पूर्ण होती हैं व जीवन में हमेशा सुख-समद्धि व खुशहाली बनी रहती है। 

भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अहंकार समाप्त करने व हमें प्रकृति का महत्व बताने के लिए गोवर्धन लीला की थी। अभिषेक भाई ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली से उठाकर गोकुल वासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था और यह संदेश दिया था कि मनुष्य प्रकृति व सभी जीव-जंतुओं से प्रेम करेगा तभी उसकी रक्षा हो सकेगी। अतः हम सभी को प्रकृति की रक्षा करनी चाहिए और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।  

उन्होंने गोवर्धन महाराज के भजनों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि भागवत कथा अमृत से भी बढकर है। जो भी इसका रसपान कर लेता है, उसका जीवन सफल हो जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला से हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर दिया है, जिसे हमें गंवाना नहीं चाहिए और प्रकृति की परिवार के सदस्य की तरह ही देखभाल करनी चाहिए। कथा में गुरूवार को छप्पन भोग आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान को छप्पन भोग लगाकर उनका भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कथा यजमान शहर विधायक संजीव शर्मा व उनकी पत्नी ऋतु शर्मा, आशीष और रूबी अग्रवाल ने भागवत भगवान की आरती की व कथा व्यास का स्वागत किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post